क्षेत्रीय समाचार

संस्कृत नृत्य प्रतियोगिता में ज्योतिर्मठ के विद्यालय ने मारी बाजी

 

गौचर/ज्योतिर्मठ, 8 अक्टूबर (कपरूवाण/गुसाईं)। उत्तराखंड संस्कृत अकादमी, हरिद्वार की ओर से आयोजित जिला स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता-2026 में श्रीबदरीनाथ वेद-वेदांग संस्कृत उत्तरमध्यमा विद्यालय, ज्योतिर्मठ के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय की टीम ने कनिष्ठ वर्ग की संस्कृत नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर चमोली जिले में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। अब यह टीम हरिद्वार में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में चमोली जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद प्रकाश पंत ने बताया कि प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में विद्यालय के छात्र आरोग्य डोभाल ने श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आरोग्य इससे पहले भी श्लोकोच्चारण प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं।
श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विजेता छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी है।
सती ने कहा कि सीमांत नगर ज्योतिर्मठ के इस संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय की टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चमोली जिले का नाम रोशन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!