सेल्फी लेते समय युवक खाई में गिरा, पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान

पोखरी, 29 मई (राणा)। हल्द्वानी से कार्तिक स्वामी दर्शन के लिए जा रहे दो दोस्तों में से एक युवक गुनियालाधार के पास सेल्फी लेते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही पोखरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की हालत खतरे से बाहर बताई है।
पोखरी थाने में तैनात अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह नेगी ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि एक युवक सेल्फी लेते समय खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही चीता मोबाइल में तैनात हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह पुलिस टीम और आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे।

कॉलर रवि जोशी पुत्र सुरेश चंद्र जोशी निवासी बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त कुशाल सिंह भंडारी पुत्र चंदन सिंह भंडारी निवासी बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल के साथ मोटरसाइकिल से कार्तिक स्वामी जा रहे थे। गुनियालाधार के पास सड़क किनारे दोनों सेल्फी ले रहे थे, तभी अचानक कुशाल सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरा।
पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सकुशल खाई से बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी लाया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि घायल युवक के मुंह और सिर पर हल्की चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य है। घटना के बाद घायल युवक और उसके साथी ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
