भारतीय भाषा समर कैंप का रंगारंग शुभारंभ, छात्राओं ने सीखी सांकेतिक भाषा की बारीकियां

गौचर, 29 मई (गुसाईं)। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर में भारतीय भाषा समर कैंप-2026 का शुभारंभ किया गया।
भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र नई दिल्ली के दिशा-निर्देशन तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तराखंड एवं डायट गौचर के मार्गदर्शन में विद्यालय सभागार में आयोजित इस बहुभाषीय एवं विविधतापूर्ण भारतीय भाषा समर कैंप का उद्घाटन मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र सिंह पंवार, पीटीए अध्यक्ष अनिता चौहान, वार्ड सभासद विनोद कनवासी, गौरव कपूर, पूनम रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन शर्मा एवं शिक्षिका श्रद्धा रावत ने छात्राओं को भारतीय भाषा समर कैंप की रूपरेखा, उद्देश्य एवं महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में भाषाई विविधता के प्रति सम्मान और संवाद कौशल विकसित करने में सहायक होते हैं।
कैंप के प्रथम दिवस छात्राओं को रोल प्ले, फ्लैश कार्ड तथा अन्य गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न भारतीय भाषाओं में सामान्य अभिवादन, दैनिक बोलचाल के वाक्य तथा भारतीय सांकेतिक भाषा में अंग्रेजी अक्षरों को समझने और सीखने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही भारतीय सांकेतिक भाषा के सांकेतिक अक्षरों की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में शिक्षिकाओं साधना रावत, आशादीप मैठाणी, अंजू एवं बीना ने छात्राओं को सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
