उत्तराखंड में मानसून का कहर जारी: 24 घंटे में कई सड़क हादसे, एक की मौत, सात लोगों का सफल रेस्क्यू
देहरादून, 20 जुलाई। उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून के बीच पिछले 24 घंटों के दौरान विभिन्न जनपदों में सड़क दुर्घटनाओं, पेड़ गिरने और अन्य आपदा संबंधी घटनाओं का सिलसिला जारी रहा। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) की 20 जुलाई की स्थिति रिपोर्ट के अनुसार टिहरी, रुद्रप्रयाग, चंपावत, नैनीताल और देहरादून सहित कई जिलों में दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि देहरादून के संतला देवी क्षेत्र में नदी के बीच फंसे सात लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार 19 जुलाई की शाम टिहरी जनपद के प्रतापनगर-लंबगांव मोटर मार्ग पर खोलगढ़ गांव के समीप एक कार लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में वाहन चालक 38 वर्षीय होशियार सिंह पंवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें 108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इसी दिन पौड़ी जिले में ऋषिकेश-कृतिनगर मोटर मार्ग पर एक कार के ऊपर पेड़ गिरने की घटना हुई। वहीं चंपावत जिले के पूर्णागिरि क्षेत्र में सोमवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना भी दर्ज की गई।
रुद्रप्रयाग जिले के संकरोड़ी-खाकरा पीपली मार्ग पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष सहित तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में एक भैंस की भी मौत हो गई।
देहरादून जिले के संतला देवी मंदिर के समीप नदी के बीच बने टापू पर सात लोग फंस गए थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, 108 एम्बुलेंस सेवा और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने त्वरित अभियान चलाकर सभी सात लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
नैनीताल जिले के हल्द्वानी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में सोमवार तड़के एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पैदल यात्री की मौत हो गई। मामले की विस्तृत जानकारी संबंधित जनपद से प्राप्त की जा रही है।
राज्य में वर्षा का दौर भी लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों में कई स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। उधमसिंह नगर के किच्छा में 130 मिमी, देहरादून के मालदेवता में 103.5 मिमी, बागेश्वर के कपकोट में 97 मिमी, पिथौरागढ़ के बंगापानी में 92 मिमी, टिहरी के नरेंद्रनगर में 82.5 मिमी, तेजम में 81 मिमी, धारचूला में 77.2 मिमी तथा टिहरी मुख्यालय में 65 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग द्वारा राज्य के लिए एक रेड, नौ ऑरेंज और छह येलो अलर्ट प्रभावी बताए गए हैं।
राज्य आपदा संचालन केंद्र के अनुसार अधिकांश राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात सामान्य है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर पालीगढ़ के समीप मलबा आने से मार्ग बाधित है, जिसे खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अन्य प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात सुचारु बना हुआ है।
