Front Pageमौसम

टिहरी में 24 घंटे में औसतन 55.42 मिमी वर्षा, एक राज्य मार्ग और तीन ग्रामीण सड़कें बंद

देहरादून/नई टिहरी, 20 जुलाई। टिहरी जनपद में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन 55.42 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र नेगी ने बताया कि फिलहाल जनपद में कोई बड़ी आपदा की सूचना नहीं है तथा बिजली और पेयजल आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।
एडीएम ने बताया कि सर्वाधिक 82.5 मिमी वर्षा नरेंद्रनगर में दर्ज की गई। इसके अलावा धनोल्टी में 72 मिमी, कीर्तिनगर में 70 मिमी, टिहरी में 65 मिमी, घनसाली में 25 मिमी और देवप्रयाग में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे तक टिहरी झील का जलस्तर 775.06 मीटर तथा औसत डिस्चार्ज 169 क्यूमेक दर्ज किया गया। गंगा, अलकनंदा, बालगंगा और भिलंगना नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है, हालांकि प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जनपद के सभी राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुले हैं। हालांकि एक राज्य मार्ग और तीन ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद हैं, जिन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मौसम की बात करें तो सोमवार सुबह जनपद के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बालगंगा क्षेत्र में मध्यम बारिश, जबकि कंडीसौड़, प्रतापनगर, धनोल्टी, नैनबाग, घनसाली, देवप्रयाग, कीर्तिनगर, गजा, नरेंद्रनगर और पवकी देवी क्षेत्र में हल्की वर्षा हुई। सदर और मदननेगी क्षेत्र में बादल एवं कोहरा छाया रहा।
एडीएम शैलेन्द्र नेगी ने बताया कि तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल जनपद में आपदा संबंधी स्थिति सामान्य है। इसके बावजूद मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा किसी भी आपदा या मार्ग अवरोध की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!