Front Pageखेल/मनोरंजन

उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग लोकेशन्स पर पैनल चर्चा

गोवा, 22 नवंबर। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (आईएफएफआई)-2026 के अंतर्गत आयोजित वेव्स फिल्म बाजार में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग स्थलों पर पैनल चर्चा हुई। ‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड: जहां प्रकृति मिलती है सिनेमाई जादू से’ विषय पर आयोजित सत्र में राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग गंतव्य के रूप में विकसित करने की संभावनाओं, फिल्मकारों को मिल रही सुविधाओं और प्रोत्साहन नीति पर चर्चा की गई।

पैनल में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए। सत्र का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।

के.एस. चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित कर रही है। नीति के तहत निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों के लिए अधिकतम तीन करोड़ रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल अनुमति प्रक्रिया के जरिए फिल्मकारों को सुविधाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि हिमालयी दृश्य, नदियां, पर्वतीय स्थल, ऐतिहासिक और विरासत भवन तथा समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं फिल्मकारों को विविध लोकेशन उपलब्ध कराती हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार समेत गढ़वाल और कुमाऊं के कई क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की संभावनाएं हैं। चौहान के अनुसार, नीति में प्रतिभा, प्रशिक्षण और तकनीक पर जोर दिया गया है, ताकि स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर मिले तथा क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा मिले।

आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस परियोजना को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था। उन्होंने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और यहां काम करने के अनुकूल माहौल की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिक फिल्मकारों को आकर्षित करने के लिए राज्य में मजबूत फिल्म निर्माण तंत्र विकसित करना जरूरी है।

राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है और उपयुक्त लोकेशन तलाशने के लिए वह 17 बार राज्य आए। रेड्डी ने स्थानीय लोगों के सहयोग और आत्मीयता की सराहना करते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर मिला।

सत्र में फिल्म नीति, सब्सिडी, शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं को फिल्म जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष रखा गया। वक्ताओं ने कहा कि फिल्म निर्माण से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बनने के साथ होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्रों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!