Front Page

महिला यात्री की गौचर में बस से कुचलने से मौत

 

गौचर, 30 मई (गुसाईं)। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से बद्रीनाथ की यात्रा पर जा रही एक महिला की गौचर मैदान में बस से कुचलने से मृत्यु हो गई है। पुलिस ने बस व ड्राइवर को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से कुछ यात्रियों का दल 15 मई को चारधाम की यात्रा पर निकला था। ऋषिकेश से वे चारधाम की यात्रा करते हुए मंगलवार शाम को रात्रि विश्राम के लिए गौचर मैदान में पहुंचे थे। यात्रा मार्ग पर अत्यधिक भीड़भाड़ होने की वजह से अन्य बसों के साथ उत्तर प्रदेश के यात्रियों की बस भी गौचर मैदान में रूक गई थी। लेकिन बुधवार सुबह गुजरात की बस संख्या डी डी जीरो एक आर 9725 के ड्राइवर ने सोती हुई 67 वर्षीय महिला राजकुमारी पत्नी शशिकांत शर्मा निवासी ग्राम पचोखरा गाजीपुर उत्तर प्रदेश के ऊपर गाड़ी का अगला टायर चढ़ा दिया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं के साथ पुलिस कर्मियों ने महिला को विना समय गंवाए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौचर पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा परिजनों की मौजूदगी में पंचनामे की कार्यवाही कर घटना को अंजाम देने वाली बस व उसके ड्राइवर को कब्जे में लिया गया है। चौकी प्रभारी मानवेन्द्र सिंह गुसाईं ने बताया की संबंधित बसों के यात्रियों को दूसरी बसों से बद्रीनाथ भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!