अघोषित विद्युत कटौती से परेशान हैं गौचर क्षेत्र के लोग
गौचर, 1 अप्रैल (गुसाईं)।पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हो रही अघोषित विद्युत कटौती से लोगों को जहां तमाम परेशानी का सामना करना पड़ रहा है वहीं पेयजल व सिंचाई व्यवस्था भी बाधित हो रही है।
नगर पालिका क्षेत्र गौचर के लोगों को पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। कारण जो भी इससे उन दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है जो बिजली से अपनी आजीविका चलाते हैं। पावर कॉर्पोरेशन (यूपीसीएल)का कहना है इन दिनों विद्युत कनेक्शन काटने की वजह से यह नौबत आ रहा है।
लेकिन यूपीसीएल का यह तर्क किसी के गले नहीं उतर रहा है। विद्युत कटौती का असर क्षेत्र की पेयजल व सिंचाई व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। दरअसल क्षेत्र की पेयजल व सिंचाई व्यवस्था लिफ्ट पंपों के सहारे चलाई जाती है।
व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल का कहना है कि वर्तमान में पालिका क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई प्रतीत हो रही है। उनका कहना है कि यूपीसीएल का कनेक्शन काटने का तर्क किसी के गले नहीं उतर रहा है। आखिर इतने दिनों से कितने कनेक्शन काटे जा रहे हैं।

