क्षेत्रीय समाचार

चमोली की जिला विज्ञान संगोष्ठी में प्रतिभा रावत प्रथम

गौचर, 18 सितम्बर (गुसाईं)। शिक्षा विभाग चमोली और एससीईआरटी उत्तराखंड के निर्देशन तथा जिला विज्ञान समन्वयक गंभीर सिंह असवाल के नेतृत्व में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर में जिला विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 17 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
संगोष्ठी का विषय ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ था। प्रतिभागियों ने विषय से संबंधित लिखित परीक्षा और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपनी जानकारी और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जेएसएन इंटर कॉलेज गैरसैंण की प्रतिभा रावत ने प्रथम, शिवांगी पब्लिक स्कूल पोखरी की यनिष्का ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर के कक्षा नौ के दिव्यांशु जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली एवं डायट के प्राचार्य आकाश सारस्वत, खंड शिक्षा अधिकारी कर्णप्रयाग अनीनाथ, जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह नेगी, प्रधानाचार्य डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा, राजकीय पॉलिटेक्निक गौचर के व्याख्याता अरविंद सिंह रावत, केंद्रीय विद्यालय गौचर के टीजीटी राजकुमार नेगी, आरपी मैखुरी और मनोज धपवाल ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर की छात्राओं की सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। प्रधानाचार्य डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
खंड शिक्षा अधिकारी अनीनाथ ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उनकी वैज्ञानिक सोच को विकसित करती हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने विद्यार्थियों को स्वाध्याय और समयबद्धता का नियमित पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों को समय पर संपन्न कराने के लिए शिक्षकों, अधिकारियों और संस्था प्रमुखों की सराहना की।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका राजकीय पॉलिटेक्निक गौचर के व्याख्याता अरविंद सिंह रावत, केंद्रीय विद्यालय गौचर के टीजीटी राजकुमार नेगी और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर की प्रवक्ता संगीता रावत ने निभाई।
इस अवसर पर वीरेंद्र नेगी, जगदीश कंसवाल, सुरेंद्र राणा, महेंद्र शाह, सुभाष सती, आशादीप मैठाणी, श्रद्धा रावत, अनुसूया सोनियाल, रेखा राणा, अंजू बिष्ट, गीता डिमरी, दीपक सती, देवेंद्र पंवार और विद्याशंकर आगरी सहित प्रतिभागियों के मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!