चंडिका देवी की बनियाथ की तैयारियां शुरू, पोखरी में कार्यालय खुला
84 गांवों की आराध्य देवी की बनयाथ को लेकर समिति और ग्रामीण जुटे

पोखरी, 11 मई (राणा)। 84 गांवों की आराध्य देवी चमेठी की मां चंडिका देवी की बनयाथ को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। दशहरे के बाद आयोजित होने वाली इस धार्मिक यात्रा एवं पारंपरिक आयोजन को भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से सोमवार को पोखरी में समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान आयोजन की व्यवस्थाओं और आपसी समन्वय को मजबूत बनाने के लिए समिति कार्यालय का भी विधिवत शुभारंभ किया गया।
पोखरी पोस्ट ऑफिस के समीप आयोजित बैठक में मां चंडिका देवी समिति के अध्यक्ष जगदीश सिंह रावत की अध्यक्षता में ग्रामीणों और समिति पदाधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। विद्वान ब्राह्मण भगवती जोशी ने वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना के साथ कार्यालय का शुभारंभ कराया।
समिति के कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह चौधरी ने कहा कि मां चंडिका की बनयाथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि, ऋद्धि-सिद्धि और खुशहाली का प्रतीक मानी जाती है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि 84 गांवों की सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की।
उन्होंने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समिति द्वारा कार्यालय खोला गया है, जहां समिति सदस्य नियमित रूप से बैठकें कर आयोजन से संबंधित योजनाओं को अंतिम रूप देंगे।
बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, सहयोग राशि, ग्रामीणों की जिम्मेदारियों तथा विभिन्न समितियों के गठन को लेकर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों ने परंपराओं के अनुरूप आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समिति के सचिव भरत विष्ट, कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह चौधरी, महिंदर पंत, दीपक चौधरी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत, संतोष चौधरी, संदीप पंत, दीपक पंत, प्रकाश रावत, भरत सिंह चौधरी सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
