देहरादून में 17 जुलाई को राहुल गांधी करेंगे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्घोष
देहरादून, 10 जुलाई। राजस्थान के कोटा के बाद अब उत्तराखंड में कांग्रेस की ओर से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन 17 जुलाई 2026 को देहरादून में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे।
यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा तथा मनोज यादव सहित विधायक मदन सिंह बिष्ट, गोपाल सिंह राणा, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रीतम सिंह आर्य और विनोद कुमार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में नेताओं ने कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के लिए अपने सुझाव दिए तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से व्यापक जनसंपर्क कर अधिक से अधिक छात्रों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसका संदेश प्रदेश के प्रत्येक युवा तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है तथा उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है।
गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी ने इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से की थी और अब 17 जुलाई को इसका उत्तराखंड चरण देहरादून से शुरू होगा। उन्होंने प्रदेश के छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
