उत्तरकाशी में बारिश और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए प्रशासन सतर्क
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, यात्रियों की सुरक्षा के विशेष निर्देश
उत्तरकाशी, 29 अक्टूबर। मौसम विभाग की ओर से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताए जाने के बाद उत्तरकाशी जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र के माध्यम से मौसम की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में विभिन्न तहसीलों से मौसम और अन्य आवश्यक सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। इसके साथ ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित प्रमुख यात्रा मार्गों की स्थिति पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जा रही है, ताकि मौसम बिगड़ने अथवा मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विशेष रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रतिकूल मौसम की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने, ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था करने तथा मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा है। प्रशासन का प्रयास है कि मौसम खराब होने की स्थिति में यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने तीर्थयात्रियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों तथा प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यात्रियों को खराब मौसम में अनावश्यक जोखिम न उठाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
किसी भी आपात स्थिति में यात्री जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी के दूरभाष नंबर 01374-222722 अथवा मोबाइल नंबर 7310913129 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

