क्षेत्रीय समाचार

उपनिदेशक पद पर पदोन्नति पर विनोद सिंह मटूड़ा को दी भावभीनी विदाई

गौचर, 22 जुलाई (गुसाईं)। विकासखंड पोखरी के खंड शिक्षा अधिकारी विनोद सिंह मटूड़ा के राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), देहरादून में उपनिदेशक पद पर नियुक्त होने पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह में संस्थान परिवार ने गैरसैंण, कर्णप्रयाग और पोखरी में खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में तथा डायट गौचर से जुड़े रहते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और कार्यशैली की सराहना की।
डायट के प्रभारी प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी ने कहा कि विनोद सिंह मटूड़ा अपनी विशिष्ट कार्यप्रणाली और नवाचारों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ शैक्षिक गतिविधियों में भी विशेष रुचि लेकर अनेक नवाचारों को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वोच्च शैक्षिक प्रशिक्षण संस्थान में उपनिदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति संस्थान परिवार के लिए गर्व का विषय है। विश्वास है कि वे भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को नई दिशा देते हुए अपनी सेवाओं से नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
विदाई समारोह में विनोद सिंह मटूड़ा ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए तथा डायट से निरंतर जुड़े रहने के कारण उन्हें लगातार सीखने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि डायट के माध्यम से उन्हें राज्य के सर्वश्रेष्ठ प्राथमिक विद्यालय राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट का दो बार शैक्षणिक भ्रमण करने, मेघालय के शैक्षणिक अध्ययन दौरे में शामिल होने तथा बच्चों की प्रतियोगी परीक्षा पुस्तिका ‘फ्योंली’ के निर्माण जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला। इसके अलावा उन्होंने दीवार पत्रिका निर्माण कार्यशाला में भी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि डायट का पुस्तकालय और शैक्षणिक वातावरण उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहा।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश सती, वरिष्ठ संकाय सदस्य रविंद्र सिंह बर्त्वाल, योगेंद्र सिंह बर्त्वाल, सुबोध कुमार डिमरी सहित संस्थान परिवार के सदस्य एवं डीएलएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ संकाय सदस्य योगेंद्र सिंह बर्त्वाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!