क्षेत्रीय समाचार

पोखरी में थौली–थाला मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण की उठी मांग

पोखरी, 22 जुलाई (राणा)। पोखरी–हरिशंकर मोटर मार्ग से जुड़े 3.52 किलोमीटर लंबे थौली–थाला मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण की मांग को लेकर विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र राणा ने क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिशासी अभियंता मनमोहन विजलवाण से मुलाकात की। उन्होंने मार्ग की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
धीरेन्द्र राणा ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग कई गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसके सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग लंबित है। उन्होंने विभाग से निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न करते हुए जल्द कार्य प्रारंभ करने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस पर पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता मनमोहन विजलवाण ने आश्वस्त किया कि वित्तीय वर्ष की औपचारिकताएं पूरी होते ही सड़क के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर रहा है और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!