राजनीति

जबरदस्त ठण्ड के बावजूद देहरादून में राहुल गांधी की सभा पर इन्द्रदेव मेहरबान

देहरादून, 10 दिसम्बर (उहि)। विधानसभा चुनाव को लेकर पहाड़ी राज्य उत्तराखण्ड में राजनीतिक माहौल जरूर गरमा रहा है, मगर मौसम है कि राजनीतिक सरगर्मियों से बेखबर निरन्तर सर्दी बढ़ाता जा रहा है। आगामी 16 नवम्बर को देहरादून में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की चुनावी सभा प्रस्तावित है। उस दिन सभा के दौरान मौसम तो साफ रहने के कारण अच्छी धूप तो रहेगी मगर सुबह और रात इस सीजन की अब तक की सबसे ठण्डी रहेंगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश की राजधानी देहरादून में 16 दिसम्बर तक मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। आज प्रातः देहरादून का न्यूनतम् तापमान 9 डिग्री सेल्सियस अवश्य रहा, मगर 11 दिसम्बर से न्यूनतम तापमान निरन्तर गिरता जायेगा। 11 दिसम्बर को देहरादून का न्यूनतम् तापमान 8 डिग्री, 12,13 और 14 दिसम्बर को 7 डिग्री तथा 15 और 16 दिसम्बर को 6 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान इस सप्ताह 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिसका लाभ गुनगुनी धूप के रूप में देहरादून वासी उठा पायेंगे।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा के तमाम बड़े नेता पहले ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस के किसी बड़े नेता का अभी तक एक भी दौरा नहीं हुआ है। वहीं, अब चुनावी दौरे पर राहुल गांधी देहरादून आएंगे। हालांकि, कांग्रेस ने अपने चुनाव प्रचार को पहले ही धार देना शुरू कर दिया था। इसकी कमान राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने खुद संभाली हुई है। वे लगातार राज्य में दौरे कर रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अल्मोड़ा में इस सीजन की अब तक की सबसे अधिक ठण्ड चल रही है। न्यूनतम् तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। अल्मोड़ा में 10 दिसम्बर से लेकर 15 दिसम्बर तक न्यूनतम् तापमान 3 डिग्री तक ही रहने का पूर्वानुमान है। अल्मोड़ा की तरह टिहरी नगर भी जबरदस्त ठण्ड की चपेट में है। वहां आज से लेकर 16 दिसम्बर तक न्यूनतम् तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक ही रहने का पूर्वानुमान है। वहां अधिकतम तापमान 14 से लेकर 15 डिग्री के बीच रहेगा। मुक्तेश्वर में भी न्यूनतम् तापमान 16 दिसम्बर तक 3 डिग्री ही रहने का पूर्वानुमान है। प्रदेश के पौड़ी, मसूरी, पिथौरागढ़, गोपेश्वर एवं उत्तरकाशी नगरों में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रहने का अनुमान है। ऊंचाई वाले स्थानों में और भी अधिक ठण्ड पड़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!