Front Page

मौसम की मार: सावधान अल्मोड़ावासियो ! मैदानी क्षेत्र भी शीतलहर की चपेट में

उषा रावत द्वारा-
देहरादून, 26 दिसम्बर। पहाड़ी राज्य उत्तराखण्ड में नये साल का आगाज कड़ाके की ठण्ड के साथ होने वाला है। मौसम का रोचक पहलू यह है कि पहाड़ी राज्य में ठण्ड का ज्यादा प्रकोप मैदानी इलाकों में होने वाला है जिसका अहसास पहले ही होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के हरिद्वार और उधमसिंहनगर जैसे मैदानी क्षेत्र पहले ही शीत लहर की चपेट में आ गये है। पहाड़ी नगरों में उत्तराखण्ड की ब्रिटिश कालीन राजधानी में शीत लहर प्रचण्ड रूप लेकर आने वाली है। इसलिये अल्मोड़ा वासियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। सबसे बड़ा रोचक पहलू यह है कि हिमालयी राज्य उत्तराखण्ड स्थित मौसम केन्द्र के पास समुद्रतल से 5000 फुट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों का न तो कोई डाटा है और ना ही भविष्य में हिमालयवासियों की ठण्डी गर्दिश मापने का कोई इंतजाम या इरादा है। मललब, सरकार और मौसम विभाग को केवल कुछ मैदानी शहरियों की ही चिन्ता है। इसलिये तो लोग पहाड़ से भाग कर मैदान में आ रहे हैं।


मौसम विभाग के अनुसार आज 26 दिसम्बर को उत्तराखण्ड के मैदानी नगर रुड़की में न्यूनतम् तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे रहा। आज भी हरिद्वार और उधमसिंहनगर में शीत दिवस और शीतलहर की स्थिति है। और इन दोनों जिलों में 27 दिसम्बर को भी शीतलहर की संभावना है। इनमें आज बहुत घना कोहरा छाये रहने की चेतावनी पहले ही दे दी गयी थी।

देहरादून स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार पहाड़ी नगर अल्मोड़ा कड़ाके की ठण्ड की चपेट में है और आने वाले दिनों में वहां तापमान और अधिक गिरने की चेतावनी दी गयी है। विभाग के अनुसार अल्मोड़ा में 26 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा । कल वहा तापमान 2 डिग्री तक और 28 दिसम्बर को गिर कर 1 डिग्री तक रहने की संभावना है। अगर यही टेंड चलता रहा तो नव वर्ष के आगाज की कल्पना की जा सकती है।

देहरादून का तापमान 26 दिसम्बर की सुबह 6 डिग्री मापा गया यह 31 दिसम्बर तक 5 डिग्री तक रह सकता है। टिहरी में आज न्यूनतम् तापमान 3 डिग्री रहा, लेकिन 31 दिसम्बर तक कुछ सुधार संभव है। अतः तापमान 4 डिग्री तक जा सकता है। पंतनगर में आज न्यूनतम् तापमान 3 डिग्री रहा जो कि 31 दिसम्बर तक बरकरार रहेगा। मुक्तेश्वर का कम से कम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है जो माषांत तक 3 डिग्री रह सकता है। कल पंतनगर में अधिकतम् तापमान सामान्य से 2 डिग्री, देहरादून में 1 डिग्री और मुक्तेश्वर में 1 डिग्री कम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!