क्षेत्रीय समाचार

पोखरी क्षेत्र में रसोई गैस संकट गहराया, एजेंसी में उमड़ी भीड़

पोखरी, 13 अप्रैल (राणा)। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईरान–इजरायल–अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। विकासखंड पोखरी में रसोई गैस का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
देवस्थान स्थित गैस एजेंसी कार्यालय में इन दिनों गैस बुकिंग कराने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही लोग अपनी बारी के इंतजार में लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। गैस सिलेंडर की अनिश्चित आपूर्ति के चलते लोगों को घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है।

क्षेत्र के ब्रांच रोड—चांदनीखाल, किमोठा, धौड़ा, हापला, विनगढ़ सहित कई दूरस्थ गांवों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने वाली गाड़ियां नहीं जा पा रही हैं। ऐसे में ग्रामीणों को स्वयं एजेंसी कार्यालय तक पहुंचकर बुकिंग कराने और सिलेंडर लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहा है।
उपभोक्ता रमेश चौधरी, दिगपाल नेगी, सत्येंद्र नेगी, दिलबर राणा समेत अन्य लोगों ने बताया कि मिस कॉल से बुकिंग कराने के बाद दो दिन में ओटीपी नंबर तो मिल रहा है, लेकिन उसके बावजूद गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इधर, गैस एजेंसी के प्रबंधक सुरेंद्र प्रसाद पुरोहित ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि वर्तमान में हर चार से पांच दिन में ही गैस सिलेंडरों से भरी एक गाड़ी पहुंच पा रही है। सीमित आपूर्ति के कारण एजेंसी में भीड़ बढ़ रही है और सभी क्षेत्रों में समय पर वितरण संभव नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को एक छोटी गाड़ी के माध्यम से पैणी और कुजासू क्षेत्रों में गैस सिलेंडर भेजे गए हैं, जबकि मंगलवार को विशारखाल और पोखरी में वितरण किया जाएगा। अन्य क्षेत्रों में भी जैसे ही अतिरिक्त गाड़ियां उपलब्ध होंगी, गैस सिलेंडर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
गैस संकट के चलते क्षेत्र के उपभोक्ता खासे परेशान हैं और जल्द ही नियमित आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!