चमोली में ‘सेवा पखवाड़ा’ : योजनाओं से लाभान्वित हुए पात्र लाभार्थी

चमोली, 4 जुलाई (कपरुवाण)। जनसेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना को समर्पित ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारम्भ शनिवार को गोपेश्वर स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में हुआ। इस अवसर पर ऋषिकेश में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने देखा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में कृषि, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन, सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा सेवायोजन सहित 30 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत छह महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। पशुपालन विभाग ने चार दुग्ध उत्पादकों को पशु पोषक आहार उपलब्ध कराया, जबकि कृषि विभाग ने चयनित दस किसानों को कृषि मिनी किट, पावर वीडर और ब्रश कटर प्रदान किए।
वक्ताओं ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान जिले के विभिन्न विकासखंडों और न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर, विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर तथा अन्य जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
इस अवसर पर राज्य मंत्री हरक सिंह, रामचंद्र गौड़, विभिन्न आयोगों एवं समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
