क्षेत्रीय समाचार

बरसात में पोखरी-कर्णप्रयाग मार्ग पर बढ़ा खतरा, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों की मरम्मत की मांग

 

पोखरी, 14 जुलाई (राणा)। बारिश शुरू होते ही पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर उडामांडा और विनगढ़ के बीच किलोमीटर 5 और 6 पर सड़क की सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त होने लगी हैं। इससे सड़क के ध्वस्त होने और यातायात बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा दीवारों के तत्काल पुनर्निर्माण की मांग की है।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सड़क के ऊपर और नीचे बनी मुख्य सुरक्षा दीवारें लगातार क्षतिग्रस्त हो रही हैं। यदि समय रहते उनकी मरम्मत नहीं कराई गई तो लगातार हो रही बारिश के कारण दीवारें पूरी तरह ढह सकती हैं, जिससे सड़क को गंभीर नुकसान पहुंचने के साथ वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाएगी।
ज्ञापन में कहा गया है कि पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन संचालित होते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध यातायात बनाए रखने के लिए सुरक्षा दीवारों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाना आवश्यक है।

ग्राम प्रधान ममता चौहान, संजय राणा, दर्शन राणा, पूर्व प्रधान हर्षवर्धन चौहान तथा पंकज नेगी ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और बरसात के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सुरक्षा दीवारों की मरम्मत कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!