धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

श्रावण के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था, जलाभिषेक व भंडारों का आयोजन

थराली, 3 अगस्त (हरेन्द्र बिष्ट)। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को पिंडर घाटी के शिवालयों एवं देवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शिवभक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर कई शिवालयों में सार्वजनिक भंडारों का भी आयोजन किया गया।
क्षेत्र के प्रसिद्ध अंग्यारी महादेव मंदिर सहित थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंडों के बेतालेश्वर महादेव (थराली), ग्वालदम, तलवाड़ी, सोल डुंग्री, मींग महादेव, असेड़ महादेव, देवाल, तिन्यूड़ा-देवसारी, नंदकेशरी, जैनबिष्ट, हरनी, मेलखेत समेत अनेक शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिरों में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा।
उधर, देवाल ब्लॉक के सुदूरवर्ती घेस गांव में श्रावण मास के तीसरे सोमवार के अवसर पर सवाड़ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम ने घेस मंदिर प्रांगण के समीप विशाल भंडारे का आयोजन किया। इसमें घेस, हिमनी, बलाण और पिनाऊ गांवों के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य चोटिंग रमेश गड़िया, भाजपा मंडल महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद बागड़ी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!