Front Pageआपदा/दुर्घटना

तमकनाला में बेली ब्रिज बहने के बाद सीएम ने की स्थिति की समीक्षा

राहत-बचाव के साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और कनेक्टिविटी बहाली के निर्देश

देहरादून, 11 अगस्त। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जिलाधिकारी चमोली और गढ़वाल मंडल आयुक्त से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने और सड़क संपर्क जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों और अन्य उपलब्ध माध्यमों से ग्रामीणों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाई जाए।

उन्होंने ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम करने को कहा। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति और नुकसान का आकलन करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि राहत और पुनर्व्यवस्था के कार्यों में देरी न हो।

मुख्यमंत्री ने मौसम और जलप्रवाह की स्थिति को देखते हुए निचले क्षेत्रों तथा नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से चमोली सहित प्रदेश के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जा सके।

सोमवार को तमकनाला में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा की ओर से बनाया गया बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव की चपेट में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना भी मिली थी। घटना के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राहत-बचाव कार्यों के साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और सड़क संपर्क बहाली के लिए तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!