Front Pageआपदा/दुर्घटना

तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मार्ग बनाने का काम तेज

ज्योतिर्मठ, 11 अगस्त (कपरूवाण)। नीती घाटी में भारी बारिश के बाद तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बहने के कारण बाधित ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहाल करने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों ने काम तेज कर दिया है। तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार किया जा रहा है। मौके पर तैनात विभागीय टीमें और सेना की मशीनरी लगातार काम में जुटी हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि अस्थायी मार्ग का निर्माण जल्द पूरा कर वाहनों की आवाजाही यथाशीघ्र सुचारु की जा सके। मौके की स्थिति पर जिला प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। अधिकारियों ने कार्य में जुटी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं तथा मार्ग बहाली के लिए संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बनाया गया है।
मौसम और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए मार्ग निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मार्ग बहाली के लिए आवश्यक संसाधन, मशीनरी और अन्य उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थायी मार्ग तैयार होने तक प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है। मौके पर ज्योतिर्मठ के एसडीएम सीएस बशिष्ठ समेत प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों की टीमें मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!