Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बड़ी जात शुरू : नन्दा के दरबार में डीएम-एसपी ने की पूजा-अर्चना

कुरुड़ (गोपेश्वर), 5 सितम्बर (गुसाईं)। सिद्धपीठ कुरुड़ में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं पर्यटन मेले का शनिवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सिद्धपीठ कुरुड़ पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मां नन्दा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मेले तथा नन्दा जात यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


मां श्री राजराजेश्वरी नन्दा की जात यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भीड़ प्रबंधन, यातायात तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि नन्दा जात यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। यात्रा मार्ग और पड़ावों पर भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
कुरुड़ में मेले के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ग्राम सभा चरबंग के सिलवाणी पहुंचे। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट के साथ उन्होंने मां नन्दा के दर्शन किए तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कुरुड़ से प्रस्थान के बाद मां नन्दा की जात यात्रा का पहला पड़ाव चरबंग है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र रावत, नायब तहसीलदार राकेश देवली सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!