क्षेत्रीय समाचारधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

21 दिन की लोकजात पूरी, छह माह के प्रवास के लिए देवराड़ा में विराजीं नंदा देवी

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-

थराली, 25 सितंबर। नंदाधाम सिद्धपीठ कुरूड़ से शुरू हुई बधाण की नंदा देवी की लोकजात यात्रा 21 दिनों के बाद शुक्रवार को सिद्धपीठ देवराड़ा-थराली पहुंचकर संपन्न हो गई। यहां विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देवी की उत्सव डोली को मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया गया। अब नंदा देवी अगले छह माह तक देवराड़ा में प्रवास करेंगी। इस दौरान मंदिर में नियमित रूप से देवी की पूजा-अर्चना की जाएगी।
शुक्रवार सुबह नंदा देवी की उत्सव डोली ढुंगाखोली गांव से विदा होकर थराली नगर क्षेत्र पहुंची। यहां बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने देवी की डोली का स्वागत कर पूजा-अर्चना की और मनौतियां मांगीं। इसके बाद यात्रा अपर बाजार और थाना क्षेत्र से होते हुए भेटा गांव पहुंची। यहां भी ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया तथा यात्रियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई।


भेटा से यात्रा सिद्धपीठ देवराड़ा के लिए रवाना हुई और देर शाम देवी की डोली मंदिर पहुंची। डोली के पहुंचते ही मंदिर परिसर देवी के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर देवी का स्वागत किया। इसके बाद कुरूड़ नंदा देवी राजराजेश्वरी मंदिर समिति के अध्यक्ष नरेश गौड़, पूर्व अध्यक्ष मनशा राम गौड़ सहित गौड़ पंडितों ने मंत्रोच्चार और परंपरागत धार्मिक अनुष्ठानों के बीच देवी की डोली को मंदिर के गर्भगृह में विराजमान कराया।
परंपरा के अनुसार नंदा देवी अब अगले छह माह तक देवराड़ा सिद्धपीठ में प्रवास करेंगी। इस अवधि में यहीं देवी की विधिवत पूजा-अर्चना होगी। इस अवसर पर देवराड़ा मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन हटवाल, बिजेंद्र गुसाईं, अब्बल सिंह गुसाईं, थराली के पूर्व प्रमुख सुशील रावत, दिनेश चंदोला, सौर्य प्रताप सिंह रावत, थराली व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत, रघुवीर गुसाईं और दिलबर गुसाईं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा की अगवानी की।
लोकजात सकुशल संपन्न कराने वाले पुलिसकर्मी पुरस्कृत
बधाण की नंदा देवी राजराजेश्वरी की लोकजात यात्रा सकुशल संपन्न होने पर चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पुरस्कृत किया।
थाना थराली में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया सहित यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्य की सराहना की। वहीं थराली क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने यात्रा के दौरान पुलिस की सक्रिय भूमिका के लिए पुलिस अधीक्षक को बधाई देते हुए उन्हें सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!