Front Page

गैरसैंण में 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

 

रामगंगा पर पेयजल बांध के निर्माण पर खर्च होंगे 122.69 करोड़ रुपये, बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के लिए 50.18 करोड़ की योजना

भराड़ीसैंण, 28 अक्टूबर (महिपाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में चमोली जिले की 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह नई योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। ये योजनाएं पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा तथा पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं के विस्तार से संबंधित हैं।

शिलान्यास की गई योजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण गैरसैंण नगर और आसपास के क्षेत्रों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बांध निर्माण योजना है। इस परियोजना पर 122 करोड़ 69 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके निर्माण से गैरसैंण और आसपास की आबादी को पेयजल आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 50 करोड़ 18 लाख 68 हजार रुपये की योजना का भी शिलान्यास किया। भू-धंसाव के कारण स्थानीय आबादी और आवासीय भवनों पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में 12 करोड़ 16 लाख 64 हजार रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के अंतर्गत 22 लाख 75 हजार रुपये की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण के भवन अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास किया गया।

सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए 6 करोड़ 99 लाख 20 हजार रुपये की लागत से कुमोली-रैवान मोटर मार्ग के दूसरे किलोमीटर से फरखण्डे मोटर मार्ग तथा 5 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के दूसरे किलोमीटर से कुमोली-रैवान मोटर मार्ग से संबंधित निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14 करोड़ 82 लाख 32 हजार रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण कार्य प्रमुख है। इसके अतिरिक्त राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4 करोड़ 37 लाख 86 हजार रुपये की लागत से निर्मित सभागार भवन का उद्घाटन किया गया।

सड़क सुधार की अन्य योजनाओं में 4 करोड़ 3 लाख 41 हजार रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण तथा 2 करोड़ 17 लाख 98 हजार रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण और नवीनीकरण कार्य शामिल हैं।

गैरसैंण में पुलिस और अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निर्मित दो भवनों का भी लोकार्पण किया गया। इनमें 4 करोड़ 37 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित अग्निशमन इकाई भवन और 4 करोड़ 24 लाख 88 हजार रुपये की लागत से निर्मित गैरसैंण थाना भवन शामिल हैं। इन भवनों के निर्माण से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा।

गैरसैंण और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता, सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं की कमी लंबे समय से प्रमुख समस्याएं रही हैं। रामगंगा पर प्रस्तावित बांध से जहां पेयजल आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है, वहीं नई सड़क योजनाओं से दूरस्थ गांवों का संपर्क बेहतर हो सकेगा। बहुगुणानगर में भू-धंसाव रोकने के प्रस्तावित कार्य स्थानीय निवासियों की सुरक्षा की दृष्टि से विशेष महत्व रखते हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!