सुनंदा सहकारिता ने कमाया 1.46 लाख का लाभ, महिला उद्यमियों को बांटा लाभांश
वार्षिक आम सभा में पुरानी कार्यकारिणी पर फिर जताया भरोसा, सुशीला देवी अध्यक्ष निर्वाचित

थराली, 28 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल की सुनंदा स्वायत्त सहकारिता समिति मुंदोली ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक लाख 46 हजार रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। समिति की तीसरी वार्षिक आम सभा में अर्जित लाभांश शेयरधारकों और सदस्यों को वितरित किया गया। इस अवसर पर महिला उद्यमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आम सभा में समिति की पुरानी कार्यकारिणी के कार्यों पर संतोष जताते हुए उसे दोबारा जिम्मेदारी सौंपी गई।
देवाल के लोहाजंग स्थित जिला पंचायत अतिथि गृह में आयोजित वार्षिक आम सभा का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुंदोली की ग्राम प्रधान भागीरथी देवी और विशिष्ट अतिथि ग्रामोत्थान परियोजना के जिला परियोजना प्रबंधक शशिकांत यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
आम सभा में सहकारिता की अध्यक्ष सुशीला देवी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की व्यावसायिक गतिविधियों, आय-व्यय और वित्तीय उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि समिति ने विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से एक लाख 46 हजार रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। बैठक में समिति की पारदर्शी कार्यप्रणाली, वित्तीय प्रबंधन और भविष्य की व्यावसायिक योजनाओं पर भी चर्चा हुई। विभिन्न गांवों से पहुंचे प्रगतिशील कृषकों बलबीर दानू, कमल दानू, बीना मिश्रा और दीपा बिष्ट ने अपने अनुभव साझा किए।
आम सभा में समिति की नई कार्यकारिणी का चुनाव भी संपन्न हुआ। सदस्यों ने पिछली कार्यकारिणी के प्रदर्शन और नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उसे यथावत रखने का प्रस्ताव पारित किया। इसके तहत सुशीला देवी को अध्यक्ष, रूपा देवी को उपाध्यक्ष, कली देवी को सचिव और उमा देवी को कोषाध्यक्ष चुना गया। नीमा देवी, कमला देवी, भवानी देवी और आनंदी देवी को बोर्ड सदस्य मनोनीत किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सहकारिता की व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार कर ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उद्यान सचल दल प्रभारी बीना तिवारी ने क्षेत्र में बागवानी की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कीवी मिशन, सेब मिशन, उन्नत बीज वितरण और उद्यान कार्ड योजना की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर बागवानी आधारित स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक नितिन सैनी ने महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बैंक ऋण सुविधाओं, नकद ऋण सीमा, सामाजिक सुरक्षा बीमा और विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के खंड मिशन प्रबंधक जियाउल हसन ने मिशन की प्रगति बताते हुए आजीविका समूहों को मिलने वाली सहायता, सामुदायिक निवेश निधि, चक्रीय निधि और वित्तीय संसाधनों के संचालन की प्रक्रिया समझाई।
ग्राम विकास अधिकारी संदीप कुमार ने स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य ग्रामीण संगठनों के सुचारू और पारदर्शी संचालन पर जोर दिया। ग्रामोत्थान परियोजना के आजीविका समन्वयक अर्जुन नेगी ने अत्यंत निर्धन परिवारों के आर्थिक उत्थान के लिए संचालित योजनाओं, व्यक्तिगत उद्यमों और सामुदायिक संगठनों के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने की संभावनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ग्राम स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पूनम देवी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सहकारिता को निरंतर सहयोग देने के लिए खंड मिशन प्रबंधक जियाउल हसन, आजीविका समन्वयक अर्जुन नेगी, उद्यान प्रभारी बीना तिवारी, बैंक प्रबंधक नितिन सैनी और समिति की पूर्व कोषाध्यक्ष किरण देवी को भी सम्मानित किया गया।
आम सभा में ग्रामीण महिलाओं को सहकारिता से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और सामूहिक उद्यमों के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।

