क्षेत्रीय समाचार

फल्दियागांव में ग्रामीणों ने श्रमदान कर की पेयजल टैंक की सफाई

थराली, 2 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के अंतर्गत फल्दियागांव में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं जल संस्थान के स्थानीय कर्मचारियों ने श्रमदान कर पेयजल टैंक की सफाई की। इस दौरान टैंक में जमा भारी मात्रा में मलबा बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने जल संस्थान से पेयजल टैंकों की नियमित अंतराल पर सफाई कराने तथा पानी को संक्रमणमुक्त रखने के लिए आवश्यक कीटाणुनाशक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
फल्दियागांव के ग्राम प्रधान प्रेम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पेयजल टैंक की सफाई का अभियान चलाया। इस अभियान में खिलाप सिंह, मदन सिंह, भूपेंद्र करमियाल, उमराव सिंह, जयंती कुनियाल सहित अन्य ग्रामीणों ने श्रमदान किया। सफाई के दौरान टैंक में काफी मात्रा में मलबा जमा पाया गया, जिसे ग्रामीणों ने बाहर निकाला।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रेम सिंह बिष्ट ने जल संस्थान थराली के कनिष्ठ अभियंता आशीष बर्तवाल से दूरभाष पर वार्ता कर गांव के पेयजल टैंक की नियमित सफाई के लिए निश्चित समयसीमा निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पेयजल टैंकों में मलबा जमा होने से पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने तथा जलजनित बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है। इसलिए विभाग को टैंकों की समय-समय पर सफाई कराने के साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार पानी के शुद्धीकरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!