9 सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कार्यकत्रियों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
थराली, 9 जुलाई (हरेंद्र बिष्ट)। अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को आशा कार्यकत्रियों ने तहसील मुख्यालय थराली में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने तहसील कार्यालय परिसर में सांकेतिक धरना दिया तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत देवाल, थराली और नारायणबगड़ विकासखंडों की आशा कार्यकत्रियां देवाल तिराहे पर एकत्रित हुईं। यहां से उन्होंने जुलूस निकाला, जो एसबीआई मार्केट, मस्जिद मार्केट, लुवर बाजार और केदारबगड़ होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचा। इस दौरान कार्यकत्रियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया और बाद में सांकेतिक धरने पर बैठ गईं।
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में आशा कार्यकत्रियों ने न्यूनतम 18 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने, राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रदान करने, दुर्घटना में मृत्यु होने पर पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त 10 लाख रुपये का भुगतान करने तथा पल्स पोलियो अभियान में वर्तमान 75 रुपये के स्थान पर 200 रुपये मानदेय देने सहित 9 सूत्रीय मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व थराली ब्लॉक अध्यक्ष देवेश्वरी पुरोहित, देवाल की ज्योति बिष्ट तथा नारायणबगड़ की सीमा नेगी ने किया। इस अवसर पर मुन्नी बिष्ट, मुंदोली चौहान, भागीरथी देवी, जानकी देवी, रेखा देवी, लीला देवी, संजू देवी, सावित्री देवी सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
