लाटू धाम पहुंचे बीकेटीसी उपाध्यक्ष, नंदा राजजात की तैयारियां समय से पूरी करने की अपील

थराली, 11 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने शनिवार को लाटू धाम, वांण पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा मानव कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने आगामी श्री नंदादेवी राजजात यात्रा के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए वांण गांव के लोगों से अभी से व्यापक तैयारियां शुरू करने की अपील की।
ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि वांण गांव श्री नंदादेवी राजजात यात्रा का अंतिम आबादी वाला गांव है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का सबसे अधिक दबाव इसी क्षेत्र पर रहता है। ऐसे में स्थानीय लोगों को आवास, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी समय रहते सुनिश्चित करनी होगी, ताकि यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि वांण धाम के विकास और यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। इन प्रयासों को सफल बनाने में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
इस अवसर पर भाजपा आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नरेंद्र बिष्ट, भाजपा देवाल मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा तथा चोटिंग क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया भी उनके साथ मौजूद रहे। वहीं वांण मंदिर समिति के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट, हीरा पहाड़ी सहित अन्य स्थानीय लोगों ने उपाध्यक्ष को वांण गांव की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
