Front Page

मुख्यमंत्री धामी ने ब्रह्मलीन देवेन्द्रस्वरूप ब्रह्मचारी की अष्टादश पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी

देहरादून, 8 सितम्बर (उहि )। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को श्री जयराम आश्रम भीमगोड़ा में ब्रह्मलीन श्री देवेन्द्रस्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज की अष्टादश पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रतिभाग किया तथा ब्रह्मलीन श्री देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी  महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुये उन्हें नमन किया।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ब्रह्मलीन श्री देवेन्द्र स्वरूप ब्रह्मचारी  महाराज का जीवन सनातन धर्म के संरक्षण एवं लोक कल्याण के कार्यों में बीता तथा उनका संपूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है, वे हमेशा निःस्वार्थ भाव से जनसेवा के कार्य में संलग्न रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार ने पहली बार कावड़ यात्रा में बजट का प्रावधान किया तथा कांवड़ मेले की बैठक देहरादून के बजाय हरिद्वार में रखी, जिससे सभी कार्य सहज ढंग से सम्पन्न हुये।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने ब्रह्मलीन श्री देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं समाज सेवा, शिक्षा,  स्वास्थ्य, गरीबों की मदद, एवं गौ सेवा में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महाराज जी की सोच एवं संकल्प को आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है।

योग गुरु स्वामी रामदेव बाबा ने ब्रह्मलीन श्री देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। जयराम आश्रम का उल्लेख करते हुये उन्होंने कहा कि यह सेवा, शिक्षा आदि का प्रमुख केंद्र है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये जयराम आश्रम के प्रमुख  ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने  ब्रह्मलीन  देवेन्द्रस्वरूप ब्रह्मचारी  महाराज को नमन करते हुये कहा कि उनके आशीर्वाद से जय राम आश्रम द्वारा सामाजिक हित के अनेक कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित सभी महानुभावों का कार्यक्रम में पधारने के लिये आभार व्यक्त किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!