सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत बंद करना नहीं, वास्तविक समाधान जरूरी : धामी

देहरादून, 14 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर दर्ज जन शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों को केवल पोर्टल पर औपचारिक रूप से बंद करने के बजाय समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारियों को अपने जिलों में सर्वाधिक मिलने वाली शिकायतों की विभागवार समीक्षा करने को कहा। एक ही प्रकृति की बार-बार आने वाली शिकायतों के कारणों का विश्लेषण कर उनका स्थायी समाधान करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने जिलाधिकारियों को तहसीलों का औचक निरीक्षण कर दाखिल-खारिज के मामलों के समयबद्ध निस्तारण की स्थिति जांचने तथा भूमि धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता से हल करने को कहा। पाइपलाइन और सीवर लाइनों का 15 दिन के भीतर ऑडिट कर रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने 30 दिन और विशेष रूप से 180 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निस्तारण पर ध्यान देने तथा विलंब के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा। शिकायतों को अनावश्यक रूप से ‘स्पेशल क्लोज’ या ‘फोर्स क्लोज’ नहीं करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से फोन पर भी बात की। संजय कुमार रावत के दिवंगत पिता के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का भुगतान तत्काल कराने, पौड़ी की बेबी कोटनाला की परित्यक्ता पेंशन संबंधी समस्या हल करने और हरिद्वार की गीता के घर के निकट बनी टंकी से पेयजल आपूर्ति शुरू कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही और अनावश्यक विलंब पर जवाबदेही तय होगी।
