Front Page

15 अक्टूबर के बाद सड़कों का औचक निरीक्षण करेंगे मुख्यमंत्री धामी

मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तेज करने और प्रदेशभर की सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश

 

देहरादून, 14 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश देते हुए कहा है कि 15 अक्टूबर के बाद वह कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर निर्माण और मरम्मत कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे। उन्होंने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों तथा कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को सचिवालय में विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा के दौरान कहा कि मानसून के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण के कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।

चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित जिलाधिकारियों और विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया जाए तथा जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों में भी व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्वाइन फ्लू सहित संक्रामक और जलजनित रोगों की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!