मुख्यमंत्री धामी ने बाजपेयी और चंद्र सिंह गढ़वाली को जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

देहरादून, 25 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न, स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी एवम् पेशावर कांड के हीरो वीरचंद्र सिंह गढ़वाली की जयंती पर भाव भीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी कुशल प्रशासक, राजनीतिज्ञ एवं लोकप्रिय जन नेता थे वे एक ऐसे महान वक्ता थे, जिन्हें समाज के सभी वर्गों के लोग प्यार और आदर करते थे।
वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली‘ की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली जी ने देश की आजादी के लिये आन्दोलनरत निहत्थी जनता पर गोली चलाने के आदेश को न मानकर महान देशभक्ति और साहस का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के लिए ‘पेशावर कांड‘ एक महत्वपूर्ण पड़ाव था। भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम के आंदोलन में यह घटना मील का पत्थर साबित हुई, जिसने भविष्य के लिए एक क्रांतिकारी आधार तैयार किया।