सेवा पखवाड़ा: पोखरी में लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य कैंप
सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए विभाग लगाएंगे स्टॉल, जनप्रतिनिधियों से सहभागिता की अपील

पोखरी, 9 जुलाई। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए उपजिलाधिकारी अल्केश नौडियाल ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन के निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न न्याय पंचायतों में थीम आधारित कार्यक्रम, बहुउद्देशीय शिविर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए सभी विभागों को समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 जुलाई को प्रातः 11 बजे विकासखंड सभागार पोखरी में महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 13 जुलाई को प्रातः 11 बजे राजकीय इंटर कॉलेज पोगठा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन होगा।
इसके अतिरिक्त 25 से 27 जुलाई तथा 12 से 14 अगस्त तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोखरी में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श तथा विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उपजिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभागों के स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। विशेष रूप से आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी सहित अन्य योजनाओं के संबंध में लाभार्थियों एवं नागरिकों को जागरूक करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
वहीं, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों एवं शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने और जनसहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
प्रशासन का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा सुशासन और जनसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाना है।
