स्वच्छ्ता अभियान के अंतिम दिन विभिन्न वर्गों ने बढ़ चढ़ कर स्वच्छता में दिखाया उत्साह
–रिपोर्ट हरेंद्र बिष्ट–
थराली, 18 जून। उच्च न्यायालय नैनीताल के निर्देश पर चले स्वच्छ्ता अभियान के अंतिम दिवस पर यहां उपजिलाधिकारी थराली रविंद्र जुवाठा के नेतृत्व मे नगर पंचायत थराली, पुलिस, वन विभाग, व्यापार संघ, मुंसिफ मजिस्ट्रेट न्यायालय कर्मियों सहित अन्य विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, राजनीतिक दलों सामाजिक कार्यकर्ताओं ने न्यायलय परिसर थराली, मुख्य बाज़ार ,मुस्लिम बस्ती सहित अन्य कई स्थानों पर सफाई कर एकत्रित कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया। इसके अलावा ग्वालदम में एसएसबी एवं वन विभाग के नेतृत्व में वृहद रूप से सफाई अभियान चलाया।
रविवार को थराली में एसडीएम जुवांठा के नेतृत्व में चलाएं गए सफाई अभियान में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया व नगर क्षेत्र की सफाई की इस मौके पर नगर क्षेत्र से जहां तहां फैले ढाई कुंतल से अधिक प्लास्टिक की चीजों को एकत्रित किया गया। मौके पर न्यायलय परिसर मे एसडीएम रविंद्र जुवाठा ने कहा कि लोगों को अपने घरों के आसपास की सफाई व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए जिससे कि तमाम रोगों से अपने परिजनों के साथ ही आसपास के लोगों को बिमारियों से बचाया जा सके।
इस मौके पर उन्होंने स्लोगन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता मे अव्वल रहे छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया। इसके साथ ही नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रो को भी सम्मानित किया गया। इसके बाद नगर क्षेत्र में एक संयुक्त स्वछता जागरूकता रैली निकाली गई जिसमें काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया।इस मौके पर नगर पंचायत थराली के अधिशासी अधिकारी टंकार कौशल,थराली व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत आदि ने रैली का नेतृत्व किया।
*ग्वालदम* यहां पर भी स्वच्छता अभियान के तहत एक रैली निकाल कर पर्यटन नगरी ग्वालदम नगर में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चला कर नगरी को साफ एवं स्वच्छ रखने का संकल्प लिया गया।इस अवसर पर एसएसबी के अधिकारियों, जवानों के साथ ही मध्य पिंडर रेंज थराली के डिप्टी रेंजर एमएल घुनियाल ,वन आरक्षी रघुवीर लाल, कैलाश भट्ट,संजय राय,विजय आर्य,कलम शाह, व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश जोशी,ममंद अध्यक्ष कलावती देवी आदि ने रैली का नेतृत्व किया।