Front Page

पूर्व सीएम तीरथ बोले विकास के लिए नगर पालिका चुनाव में भाजपा की जीत जरूरी

गौचर, 15 जनवरी (गुसाईं) । पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए गौचर नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड गठित होना आवश्यक है। उनका कहना था कि प्रदेश में जिस दल की सरकार होगी विकास वही कर पाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री बुधवार को पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 बंदरखंड में एक चुनावी नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे। उनका कहना था कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में क्षेत्र का चौमुखी विकास हो रहा है।

उनका कहना था कि आलवेदर रोड़ व रेललाइन निर्माण से विकास की गंगा और तेजी से बहेगी। इसी प्रकार नगर पालिका में भी भाजपा का बोर्ड गठित होगा तो क्षेत्र में विकास की गंगा बहेगी। उनका कहना था कि प्रदेश में जिसकी सरकार होगी वही विकास कर पाएगा। कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कसीदे पढ़ते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विदेशों में भारत का सम्मान बढ़ा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व प्रदेश उत्तरोत्तर वृद्धि कर रहा है। उन्होंने कहा कि गौचर के स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण के अलावा गौचर मैदान में खेल स्टेडियम की स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

पालिका के लिए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अनिल नेगी ने कहा कि अगर जनता ने उनको सेवा का मौका दिया तो क्षेत्र के विकास के लिए प्रस्ताव पालिका में नहीं गांव में बैठकर पारित किए जाएंगे। इस अवसर पर वार्ड नंबर 7 के भाजपा सभासद प्रत्याशी त्रिभुवन भंडारी, मंडल अध्यक्ष दिनेश डिमरी, विजय प्रसाद डिमरी, नवीन टाकुली, पूर्व मंडल अध्यक्ष गजेन्द्र नयाल, कैलाश केडियाल, सुदर्शन भंडारी के साथ ही महिला पुरुष मौजूद थे। संचालन सुनील कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!