Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी ज्योतिर्मठ पहुंची, भव्य स्वागत के साथ शीतकालीन यात्रा शुरू

17 क्विंटल फूलों से सजाए गए नृसिंह मंदिर सहित अन्य मंदिर, भजन-कीर्तन और बैंड की धुनों के बीच निकली शोभायात्रा

ज्योतिर्मठ, 18 नवंबर (प्रकाश कपरूवाण)। भगवान बदरी विशाल के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने के बाद बुधवार को आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी मुख्य पुजारी रावल के साथ अपने शीतकालीन प्रवास स्थल ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंच गई। इस अवसर पर नगर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। महिला मंगल दलों, स्कूली बच्चों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन तथा बैंड की मधुर धुनों के बीच पवित्र गद्दी का स्वागत किया। इसी के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा का विधिवत समापन और शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ हो गया।

बदरीनाथ धाम से योगबदरी पांडुकेश्वर पहुंची आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी बुधवार सुबह ज्योतिर्मठ के लिए रवाना हुई। मार्ग में गोविंदघाट, विष्णुप्रयाग मंदिर, मारवाड़ी और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के शिविर में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और पूजा-अर्चना कर स्वागत किया। ज्योतिर्मठ पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के नेतृत्व में डिग्री कॉलेज गेट से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें महिला मंगल दलों, स्कूली बच्चों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

नृसिंह मंदिर पहुंचने पर धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद पवित्र गद्दी को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिर परिसर में रखा गया और विधिवत पूजा के उपरांत निर्धारित गद्दी स्थल पर विराजमान किया गया।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि इस वर्ष पवित्र गद्दी के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। पहली बार नृसिंह मंदिर और उसके सहवर्ती मंदिरों को करीब 17 क्विंटल फूलों से सजाया गया। नृसिंह मंदिर, वासुदेव मंदिर और नवदुर्गा मंदिर सहित अन्य मंदिरों को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनियों से जगमगाया गया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने अपने संदेश में चारधाम यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी संस्थानों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचने के साथ इस वर्ष की यात्रा का मंगलमय समापन हो गया है। अब शीतकालीन यात्रा शुरू हो गई है।

द्विवेदी ने कहा कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुखबा से शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने की पहल की थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बीकेटीसी शीतकालीन तीर्थाटन को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने ऋषिकेश स्थित यात्रा ट्रांजिट कैंप में शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण काउंटर स्थापित किए हैं। बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

धार्मिक कार्यक्रम के बाद नृसिंह मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती का अभिनंदन किया गया। उन्हें 4 नवंबर को वाराणसी में आयोजित संस्कृति संसद में करीब तीन हजार संतों की उपस्थिति में सम्मानित किए जाने पर स्थानीय गणमान्य लोगों, देवपूजाई समिति, धर्माधिकारियों, वेदपाठियों और पत्रकारों ने माल्यार्पण कर बधाई दी।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पवित्र गद्दी के स्वागत की तैयारियों को लेकर 13 नवंबर को ज्योतिर्मठ के गणमान्य लोगों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। इसमें स्वागत समारोह की रूपरेखा तैयार की गई। आयोजन में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बिजेंद्र बिष्ट की विशेष सहभागिता रही।

स्वागत समारोह में पूर्व बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार, भाजपा नेता सुभाष डिमरी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, पूर्व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, कर्मचारी संघ अध्यक्ष बिजेंद्र बिष्ट, मंदिर प्रभारी राजेंद्र सेमवाल, शंकराचार्य मठ प्रभारी कमलेश कुकरेती, प्रधानाचार्य अरविंद पंत, दर्वेश्वर थपलियाल, भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती, उपाध्यक्ष अनिल सकलानी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रकाश नेगी, देवपूजाई समिति अध्यक्ष अनिल नंबूरी और रैंकवाल थोक अध्यक्ष अनूप पंवार उपस्थित रहे।

इसके अलावा पालिका सभासद दीपक शाह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, लेखाकार भूपेंद्र रावत, संदीप कपरूवाण, जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी, प्रबंधक राकेश नेगी, अजय सती, पुजारी हनुमान प्रसाद, सुशील डिमरी, पंडित प्रेम कोटियाल और रामप्रसाद थपलियाल सहित विभिन्न वार्डों की महिला मंगल दल अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!