उत्तराखंड पुलिस में 12 अधिकारियों के तबादले, देहरादून-हरिद्वार में कई बदलाव
देहरादून, 15 सितम्बर। उत्तराखंड शासन ने प्रांतीय पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह अनुभाग-1 की ओर से जारी आदेश में अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर सहित कई जिलों में तैनात अधिकारी शामिल हैं।
शासन के आदेश के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून प्रमोद कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर रुड़की बनाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून स्वतंत्र कुमार सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक देहरादून-2 की जिम्मेदारी दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, नैनीताल मनोज कत्याल को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में उपसेनानायक बनाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर उत्तम सिंह नेगी को सतर्कता सेक्टर देहरादून भेजा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबंस सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, नैनीताल की जिम्मेदारी मिली है।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात हरिद्वार शेखर चन्द्र सुयाल को अपर पुलिस अधीक्षक देहरादून नगर बनाया गया है। एटीसी हरिद्वार में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक अनुजा बडोला को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, ऊधमसिंहनगर बनाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक नैनीताल अमित कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी भेजा गया है।
उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल में सतर्कता अधिकारी रजत कुमार कट्ट को अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा 31वीं वाहिनी पीएसी के उपसेनानायक मिथिलेश कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक सतर्कता, मां उच्च न्यायालय उत्तराखंड नैनीताल बनाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार अजय सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ग्रामीण और अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी दीपक सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नगर के पद पर भेजा गया है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण कर कार्यभार प्रमाणपत्र पुलिस महानिदेशक के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
