क्षेत्रीय समाचार

नए अधिशासी अभियंता बोले: सड़कों की गुणवत्ता और सुरक्षित यातायात होगी प्राथमिकता

 

पोखरी, 8 जुलाई (राणा)। लोक निर्माण विभाग, पोखरी के नवनियुक्त अधिशासी अभियंता दीपक कुमार ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि बंद पड़ी सड़कों को शीघ्र खोला जाएगा तथा खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढामुक्त बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सड़कों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यकता वाले स्थानों पर पुस्तों और सुरक्षा दीवारों का निर्माण कर सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें चरणबद्ध तरीके से सड़क नेटवर्क से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही पात्र सड़कों का डामरीकरण भी कराया जाएगा।
दीपक कुमार ने कहा कि शासन स्तर पर लंबित सड़क परियोजनाओं को गति देने तथा वन विभाग से संबंधित आपत्तियों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक पत्राचार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी तथा आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!