राजनीति

केदारसिंह फोनिया के निधन पर प्रमुख हस्तियों ने शोक प्रकट किया 

देहरादून, 14   अक्टूबर   (उहि ) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर फोनिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे एक बड़ी क्षति बताया। धामी ने ट्वीट कर कहा ‘‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री केदार सिंह फोनिया जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिवार को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतू खंडूरी ने भी मंत्री के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बदरीनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री केदार सिंह फोनिया जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। भगवान बदरीनाथ पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। ओम शांति।’’

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने पूर्व कैबिनेट मंत्री केदार सिंह फोनिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है । उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को  अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पूर्व मंत्री केदार सिंह फोनिया के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि केदार सिंह फोनिया का आकस्मिक निधन उत्तराखण्ड राज्य एवं क्षेत्रीय जनता की अपूर्णीय क्षति है उनके निधन से राजनीति में जो स्थान रिक्त हुआ है उसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्व0 केदार सिंह फोनिया ने राजनीति में अपनी लम्बी सेवायें दी हैं। संयुक्त उत्तर प्रदेश में काबिना मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास के लिए दिये गये उनके सराहनीय योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है तथा उनकी सेवायें सदैव याद की जायेंगी। श्री केदार सिंह फोनिया के आकस्मिक निधन पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मथुरादत्त जोशी ने भी शोक प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदन प्रकट की है।

केदार सिंह फोनिया वर्ष 1992 में यूपी सरकार में पर्यटन मंत्री थे। इस दौरान पहली बार यूपी सरकार ने राममंदिर के लिए 2.77 एकड़ जमीन अधिग्रहित की थी। तब उस फाइल पर बतौर पर्यटन मंत्री फोनिया ने ही हस्ताक्षर किए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!