Front Pageराजनीति

देहरादून में 17 जुलाई को छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, कांग्रेस ने तैयारियां तेज कीं

 

देहरादून, 13 जुलाई। कांग्रेस पार्टी ने 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। इसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को देहरादून और हरिद्वार में कांग्रेस नेताओं की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में महानगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई, जबकि हरिद्वार जनपद के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हिमगिरि होटल में आयोजित की गई। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने दी।

बैठक को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे और युवाओं के मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा उनके हितों की आवाज बुलंद करना है।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों का सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और कड़ी मेहनत के बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जिससे उनमें निराशा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से उठाते रहे हैं और इसी क्रम में देहरादून में छात्रों से संवाद करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने युवाओं और छात्रों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की।

बैठक में पूर्व मंत्री नवप्रभात, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, प्रवक्ता अभिनव थापर, डॉ. प्रतिमा सिंह सहित प्रदेश, जिला और महानगर कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!