पर्यावरण

चमोली में हरेला पर्व पर डीएम के नेतृत्व में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प

 

-गोपेश्वर से महिपाल गुसाईं –

पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित लोकपर्व हरेला के अवसर पर पूरे जनपद में सोमवार को व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान शुरू किया गया। वन प्रभाग के तत्वावधान में प्रसार प्रशिक्षण केन्द्र रौली ग्वाड़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी हिमांशु खुराना सहित जिले तमाम वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हरेला पर्व पर पौधारोपण किया। इस दौरान अखरोट, अनार, चूरा, हरड़, बहेडा, चंदन आदि विभिन्न प्रजाति के फलदार एवं सजावटी पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। जनपद में सभी वन पंचायतों में भी हरेला पर्व पर पौधरोपण अभियान का आगाज हुआ।

जिलाधिकारी ने पूरे जनपद वासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने हरेला महोत्सव पर सभी से पौधरोपण करने और उनके संरक्षण के लिए संकल्प लेने की बात कही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से आज पूरी दुनिया चिंतित है। जलवायु परिवर्तन और इसके विनाशकारी प्रभावों से निपटने के लिए पेड़ पौधे मददगार साबित होते हैं। पौधरोपण से जहॉ एक ओर हमें स्वच्छ पर्यावरण मिलेगा वहीं उभरते जल संकट से भी निजात मिलेगी। उन्होंने सबसे अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक जलस्रोतों, नदी एवं सरोवरों के आसपास वृहद स्तर पर पौधरोपण करते हुए उनका संरक्षण भी किया जाए।

बदरीनाथ वन प्रभाग के उप वन संरक्षक सर्वेश कुमार दुबे ने कहा कि हरेला पर्व पर फलदार एवं वन प्रजाति दोनों प्रकार के पौधे लगाए जा रहे हैं। वन विभाग के माध्यम से प्रत्येक वन पंचायत को 75 पौध निःशुल्क दी जा रही हैं। इसके अतिरिक्त कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, जल संस्थान, शिक्षा सहित अन्य तमाम विभागों के सहयोग से पूरे जनपद में वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम शुरू किया गया है।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, सामाजिक कार्यकर्ता डीपी पुरोहित, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए हरेला महोत्सव के दौरान अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पौधे के संरक्षण पर जोर दिया। इस दौरान जीजीआईसी गोपेश्वर की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। उप वन संरक्षक सर्वेश कुमार दुबे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सरोज भट्ट द्वारा किया गया।

हरेला महोत्सव के शुभारंभ के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, सीटीओ मामूर जहॉ, सामाजिक कार्यकर्ता डीपी पुरोहित, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान दीपा मोल्फा, शशि सेमवाल, गणेशी देवी, आशा देवी, हरेन्द्र सिंह राणा, रेंज आफिसर अनुराग जुयाल, नरेंद्र सिंह नेगी, मनोहर सिंह बिष्ट सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिकों के साथ ही  अलकनंदा, केदारनाथ और् बद्रीनाथ वन प्रभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!