थराली सीएचसी का उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकरण, पिंडर क्षेत्र में खुशी की लहर
थराली, 14 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली के उच्चीकरण कर उसे उप जिला चिकित्सालय बनाने की शासन स्तर पर स्वीकृति मिलने से पूरे पिंडर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे दूरस्थ क्षेत्रों की एक लाख से अधिक आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
वर्ष 2001-02 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थराली का उच्चीकरण कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया गया था। इसके बाद से ही क्षेत्रवासी लगातार इसे उप जिला चिकित्सालय का दर्जा देने की मांग कर रहे थे। वर्ष 2023 में चेपड़ों (थराली) में अशोक चक्र विजेता अमर शहीद नायक भवानी दत्त जोशी की स्मृति में आयोजित शौर्य महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा की मांग पर सीएचसी के उच्चीकरण की सार्वजनिक घोषणा की थी। तभी से क्षेत्र में उप जिला चिकित्सालय की स्थापना की उम्मीदें बढ़ गई थीं।
थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि राज्य सरकार ने सीएचसी थराली का उच्चीकरण कर उसे उप जिला चिकित्सालय में परिवर्तित करने का शासनादेश जारी कर दिया है। अब चिकित्सालय के लिए आवश्यक पदों के सृजन और भवन निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल के सुचारु संचालन के लिए शीघ्र पदों का सृजन तथा भवन निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति जारी की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि उप जिला चिकित्सालय के निर्माण के लिए कुलसारी के निकट आदरा गांव में लगभग 42 नाली भूमि का चिन्हीकरण किया जा चुका है, जहां मुख्य चिकित्सालय भवन के साथ आवासीय भवनों का भी निर्माण किया जाएगा।
सीएचसी थराली के उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकरण पर देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, नारायणबगड़ ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, भाजपा आपदा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक नरेंद्र बिष्ट, जिला सह-संयोजक किशन गड़िया, गंगा सिंह सुयाल, थराली मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, रणजीत सिंह नेगी, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सूरज खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य भावना रावत, भाजपा नेत्री सुशील देवी और सुनीता बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार जताते हुए कहा कि उप जिला चिकित्सालय बनने से थराली तहसील क्षेत्र की एक लाख से अधिक आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
