Front Pageराजनीति

वेणुगोपाल के दौरे से उत्तराखंड कांग्रेस में चुनावी हलचल तेज, 2027 की तैयारी का दिया संदेश

देहरादून, 9 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल बुधवार से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। देहरादून आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पारंपरिक वाद्य यंत्रों, पुष्पगुच्छ और नारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया। वेणुगोपाल का यह दौरा उत्तराखंड कांग्रेस के लिए राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
दौरे के पहले दिन वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस की नवनिर्मित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ अलग बैठक कर संगठन की स्थिति, राजनीतिक समीकरणों और जनाधार बढ़ाने के प्रयासों की समीक्षा भी की।
बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। पार्टी नेतृत्व ने संगठन को अधिक सक्रिय और जनसरोकारों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
वेणुगोपाल ने पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ भी समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल और अन्य संगठनों को जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों को मुद्दा बनाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही युवाओं और महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि संगठन महासचिव का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, गोविंद सिंह कुंजवाल, काजी निजामुद्दीन, प्रदीप टम्टा, करण माहरा, तिलक राज बेहड़, मदन बिष्ट, विक्रम नेगी, हरीश धामी, लखपत बुटोला, आदेश चौहान, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं महानगर अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!