देवाल कौथिग समेत तीन मेलों को राजकीय मेले का दर्जा मिलने पर जताया धामी का आभार

थराली/देवाल, 12 अगस्त (हरेन्द्र बिष्ट)। थराली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्राचीन देवाल कौथिग समेत तीन मेलों को राजकीय मेला घोषित किया गया है। मेलों को राजकीय दर्जा मिलने पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। वहीं, देवाल क्षेत्र के लोगों ने विधायक का स्वागत कर इस पहल के लिए उनका आभार जताया।
विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि देवाल कौथिग के अलावा देवाल विकासखंड में पूर्व विधायक स्व. शेर सिंह दानू स्मृति मेला लोहाजंग तथा नंदानगर विकासखंड के अंतर्गत आयोजित होने वाले बेरासकुंड मेले को भी राजकीय मेला घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि इन मेलों को राजकीय दर्जा मिलने से क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और मेलों के संरक्षण एवं विकास को बढ़ावा मिलेगा।
देवाल कौथिग और लोहाजंग मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने पर विकासखंड कार्यालय देवाल में आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक भूपाल राम टम्टा का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि विधायक के प्रयासों से एक साथ देवाल क्षेत्र के दो प्रमुख मेलों को राजकीय दर्जा मिलना बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में देवाल ब्लाक प्रमुख तेजपाल रावत, देवाल कौथिग मेला समिति के अध्यक्ष लखन रावत, पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, गणेश मिश्रा समेत अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए। उन्होंने राजकीय मेला घोषित किए जाने पर मुख्यमंत्री और विधायक का आभार जताया।
