हरेला पर मुख्यमंत्री ने किया पौधरोपण, औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण पर दिया जोर

देहरादून/पौड़ी, 14 जुलाई। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पौड़ी गढ़वाल जनपद के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण किया और वहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों तथा आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक शोध समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देंगे, बल्कि औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और उनका सतत उपयोग राज्य के विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। हरेला जैसे पर्व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम हैं।
मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ को देश के अपनी तरह के अनूठे हर्बल पार्कों में माना जाता है। यहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक आयुर्वेदिक चिकित्सा और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
