Front Pageबिजनेस/रोजगारसुरक्षा

सेना भर्ती 2027: सीईई परिणाम घोषित, 27 जुलाई से रानीखेत में होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

 

देहरादून/अल्मोड़ा, 14 जुलाई। भारतीय सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा ने भर्ती वर्ष 2027 के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए बताया है कि भारतीय सेना भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। सभी अभ्यर्थी अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।

भर्ती कार्यालय के अनुसार उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के सभी जिलों के केंद्रीय श्रेणी (रिलीजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार और हवलदार सर्वेयर ऑटो कार्टोग्राफर) तथा जोनल श्रेणी (सिपाही फार्मा एवं नर्सिंग असिस्टेंट) के सफल अभ्यर्थियों के साथ ही उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीएफटी) 27 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक रानीखेत के सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित की जाएगी।

भर्ती कार्यालय ने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा। रैली के पहले दो दिन केंद्रीय एवं जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं, जबकि शेष दिनों में अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी तीन-तीन स्वप्रमाणित प्रतियां तथा 20 पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो (तीन माह से अधिक पुराने नहीं) अनिवार्य रूप से साथ लाएं।

भर्ती रैली में प्रवेश के लिए रैली एडमिट कार्ड, आधार कार्ड एवं उससे लिंक मोबाइल नंबर, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र एवं अंकतालिकाएं, जाति प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, अविवाहित प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र तथा एक वर्ष के भीतर का ऑनलाइन पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र साथ होना अनिवार्य है। इन दस्तावेजों के अभाव में अभ्यर्थियों को रैली मैदान में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और वे शारीरिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे।

भर्ती कार्यालय ने विशेष रूप से स्पष्ट किया है कि अग्निवीर श्रेणी के ऐसे अभ्यर्थी जो कुमाऊनी जाति के अंतर्गत आते हैं, उनके जाति प्रमाण-पत्र में स्पष्ट रूप से ‘कुमाऊनी जाति’ अंकित होना चाहिए। केवल ‘कुमाऊनी क्षेत्र’ का उल्लेख मान्य नहीं होगा।

कार्यालय ने चेतावनी दी है कि फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कर उनकी उम्मीदवारी तत्काल निरस्त कर दी जाएगी। अभ्यर्थियों से भर्ती अधिसूचना का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा की नियमित तैयारी जारी रखने की अपील की गई है।

किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा से मोबाइल नंबर 94581-68520 अथवा लैंडलाइन 05962-297192 और 05962-298449 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!